
जावद (निप्र)। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव स्थित सीसीआई फैक्ट्री में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। फैक्ट्री में भंगार चुराने आए चोरों का पीछा करते समय फैक्ट्री के सुपरवाइजर घीसालाल शर्मा (उम्र 52 वर्ष) एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के समय कुछ अज्ञात चोर फैक्ट्री परिसर में घुस आए और भंगार चोरी करने लगे। जैसे ही फैक्ट्री कर्मचारियों को इसकी भनक लगी, उन्होंने तत्काल चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। चोर परिसर की दीवार फांदकर रेल पटरियों की ओर भागने लगे। फैक्ट्री कर्मचारी यहीं तक सीमित रहे, लेकिन सुपरवाइजर घीसालाल शर्मा ने साहस दिखाते हुए दीवार पार कर चोरों का पीछा जारी रखा। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सुबह करीब 9 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि घीसालाल शर्मा पिछले 32 वर्षों से सीसीआई फैक्ट्री में सेवा दे रहे थे और एक ईमानदार, निष्ठावान तथा कर्मठ कर्मचारी के रूप में उनकी पहचान थी। उनके इस समर्पणपूर्ण कर्तव्य पालन ने उन्हें जान तक गंवाने की स्थिति में ला दिया। इस हादसे के बाद फैक्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। उनके साथियों और फैक्ट्री प्रबंधन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने एक ईमानदार और अनुभवी साथी को खो दिया है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है। ह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। फैक्ट्री में रात के समय चोरों का घुसना और फिर इस दौरान एक ज़िम्मेदार कर्मचारी की जान जाना — यह प्रशासन और प्रबंधन दोनों के लिए गम्भीर चेतावनी है।