
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत शुक्रवार को मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एकीकृत शासकीय हाईस्कूल, लसुड़िया राठौर में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दुर्गा विजय पाटीदार ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सतत प्रगति की दिशा में कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को साइकिल जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रदान कर उन्हें विद्यालय तक पहुँचाने में सहूलियत देना, सरकार की दूरदर्शी सोच का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को सुगम और सुलभ बनाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, क्योंकि एक शिक्षित समाज ही सशक्त समाज की नींव रखता है। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की भावना के साथ क्षेत्र के प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। जिपं के पूर्व अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी मनोहरलाल जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कन्हैयालाल पाटीदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश गोयल, महामंत्री मनोहर माली, उपाध्यक्ष महावीर कोठारी, महेश शर्मा, ग्राम पंचायत सरपंच विनोद प्रजापत सहित गणमान्य, जनप्रतिनिधि और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
—–