
पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। नगर में रेलवे समपार 141 पर लगभग 6 करोड़ 37 लाख की लागत से बनने वाले अण्डरब्रिज निर्माण कार्य को लेकर जल्द ही टेण्डर प्रक्रिया होगी। गुरुवार को नगर परिषद् आए रेलवे अधिकारी ने अण्डरब्रिज कार्य का नक्षा प्रस्तुत किया, जिस पर नगर परिषद् अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा सुनील देवरिया ने अवलोकन कर हस्ताक्षर किए। श्रीमती देवरिया ने बताया कि नगरवासियों की मांग पर नगर में ओवरब्रिज बनाया गया था, लेकिन ओवरब्रिज बनने से नगर के दोनों और रहने वाले लोगों को इधर से उधर आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद अण्डरब्रिज की लगातार मांग की जा रही थी। समस्याओं को देखते हुए नगर हित में उक्त ओवरब्रिज के नीचे अण्डरब्रिज बनाने के लिए क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को अवगत कराया था। जनता की समस्या को देखते हुए श्री देवड़ा ने उक्त स्थान पर अण्डरब्रिज बनाने के लिए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा की थी। इसके बाद रेलवे समपार 141 पर अण्डरब्रिज बनाए जाने की स्वीकृति मिल पाई है। नप अध्यक्ष श्रीमती देवरिया ने बताया गुरुवार को वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) नीमच के चिन्तामणि गुप्ता नगर परिषद् पहंुचे, उन्होंने प्रस्तावित अण्डरब्रिज निर्माण कार्य का नक्षा प्रस्तुत किया। जिसका अवलोकन कर कार्य को लेकर स्वीकृति प्रदान की है। नप अध्यक्ष श्रीमती देवरिया ने बताया कि अण्डरब्रिज बनने से वार्ड 1,2,3,4 के रहवासियों के अलावा नगर तथा आस-पास ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर नप अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील देवरिया, उपाध्यक्ष भारतसिंह सोनगरा, पार्षदगण कमल गुर्जर, ललित कसेरा, बलराम सोलंकी, गोर्धननाथ योगी आदि उपस्थित रहे। श्रीमती देवरिया ने बताया कार्य का भूमिपूजन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री करेंगे, इसके बाद उक्त अण्डरब्रिज उच्च स्तरीय तकनीक से बनेगा जो मात्र 48 घंटे के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। उक्त ब्रिज की 6 मीटर चौड़ाई, 2.65 मीटर उंचाई व करीब 100 मीटर लम्बाई होगी।
—–