
वीडियो न्यूज़ देखने के लिए लिंक क्लिक करे
पिपलिया स्टेशन (निप्र) । सेना को लेकर प्रदेश के डिप्टी सीएम व मल्हारगढ से विधायक जगदीश देवड़ा के द्वारा की गई कथित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश भर में जगदीश देवड़ा का पुतला दहन करने का आव्हान किया था। लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र के नगर मल्हारगढ व बूढा में विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी हो गए। दोनों दल के कार्यकर्ताओ ने नारेबाजी की, बाद में छीना झपटी होने लगी। बात हाथापाई तक पहुँच गई। दोनों जगह पुलिस ने बीच – बचाव किया। बूढा में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वरलाल धाकड़ के साथ मारपीट हुई उनके कपड़े फाड़ दिए। वही मल्हारगढ में भी पुतला लेकर आने वाले कार्यकर्ता को पुलिस पकड़कर थाने ले गई। भाजपा के भी सामने आकर विरोध करने से कांग्रेस कार्यकर्ता डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पुतला दहन नही कर पाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन जैन व किसान नेता श्यामलाल जोकचंद ने भाजपा के इस कृत्य को निंदनीय बताया और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा से इस्तीफे की मांग की है। आपको बता दे कि डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा मल्हारगढ विधानसभा क्षेत्र से ही लगातार चौथी बार निर्वाचित हुए है । कांग्रेस द्वारा उनके ही विधानसभा क्षेत्र में पुतला दहन करना भाजपा कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरा ओर उन्होनें विरोध कर पुतला दहन नही होने दिया। भाजपा- कांग्रेस कर्तकर्ताओ के आमने-सामने होने के बाद हाथापाई हुई तो भीड़ को तितर बितर करने के लिए फायर फाइटर से बौछार शुरू की । इधर एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि शांतिभंग करने के मामले में मल्हारगढ में 12 व बूढा में 8 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वही पुतला दहन नही हो पाया है। इधर जगदीश देवड़ा के सामने विधानसभा चुनाव में प्रतिद्वंदी रहे किसान नेता श्यामलाल जोकचन्द ने आरोप लगाया कि पुलिस के सानिध्य में भाजपा द्वारा गुंडागर्दी कर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करना इनकी घटिया मानसिकता दर्शाता हैं। अगर भाजपा की सरकार ओर जगदीश देवड़ा के शासन में हक की आवाज उठाने पर इस तरह का बर्ताव होगा तो इनका पुरजोर तरीके से विरोध होगा। जोकचन्द ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश की पुलिस भी आंखों पर पट्टी बांध बैठी है। मल्हारगढ़ विधानसभा में अराजकता का माहौल है। कानून व्यवस्था फैल हो गई है और भाजपा कार्यकर्ता समानांतर पुलिसिंग कर रहे हैं,अगर कोई सेना ओर राष्ट्र के सम्मान में आवाज उठाएगा तो उसका विरोध करना हर नागरिक का कर्त्तव्य है। जोकचंद ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ता समानांतर पुलिस थाने चला रहे हैं ओर मध्यप्रदेश की पुलिस, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के दबाव में धृतराष्ट बन बैठी है।