
सिंगोली (निप्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम ताल की रोजड़ी नदी में शनिवार को हुए एक हृदय विदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। रतनगढ़ निवासी 13 वर्षीय बालक गौरव पिता अंतिम कुमार छिपा की नदी में डूबने से मौत हो गई। गौरव अपने दोस्तों के साथ उज्जैनी कार्यक्रम के चलते ताल गांव आया था और नहाने के दौरान यह दर्दनाक घटना हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे गौरव अपने दो दोस्तों के साथ नहाने नदी में उतरा था, लेकिन तीन में से दो बालक ही बाहर लौट सके। गौरव अचानक गहराई में समा गया और लापता हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बच्चों की चिल्लाहट सुनी और तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, थाना प्रभारी बी.एल. भाबर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत नीमच से एसडीईआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को बुलाया। करीब 5 घंटे 30 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गौरव का शव नदी से बरामद किया गया।
इस दर्दनाक हादसे की सबसे मार्मिक बात यह रही कि शनिवार को ही गौरव का जन्मदिन था। वह अपने परिवार का इकलौता चिराग था। उसके चाचा के भी संतान न होने से गौरव दोनों भाइयों की आशा और प्यार का केंद्र था। वहीं, गौरव की इकलौती बहन की शादी कुछ दिनों में होने वाली है और घर में खुशी की तैयारियां जोरों पर थीं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, नदी में सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं थे, जिससे हर साल इस तरह के हादसे की आशंका बनी रहती है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से नदी के किनारे सुरक्षा उपाय करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।