
देवास (निप्र)। शहर के ढांचा भवन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। शुक्रवार रात पड़ोस में जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौटे दो मासूम भाई-बहन सुबह मृत अवस्था में मिले। बच्चों की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई है।मृतकों में 7 वर्षीय हेमंत और 3 वर्षीय निशा शामिल हैं। उनकी मां प्रिया यादव ने बताया कि वह अपने पति विष्णु कटारा से विवाद के बाद डेढ़ माह पूर्व पीथमपुर से देवास आकर बच्चों के साथ किराए पर रह रही थी। मूल रूप से मथुरा निवासी प्रिया ने 2014 में प्रेम विवाह किया था।पड़ोस में रहने वाली रीना ने बताया कि शुक्रवार रात उनके बेटे शुभ का जन्मदिन प्रिया के घर ही मनाया गया था, जिसमें प्रिया व उसके दोनों बच्चों ने भी हिस्सा लिया था। रात को केक काटने और भोजन के बाद सभी सो गए। सुबह करीब 7 बजे प्रिया ने बताया कि बच्चे नहीं उठ रहे हैं।बच्चों को पहले संस्कार हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।इस मामले में मृतकों की मां प्रिया पर भी संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण और अल्कोहल टेस्ट कराया, जिसमें पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रिया नशे की हालत में पाई गई।रीना की ननंद मनीषा के अनुसार, प्रिया के साथ एक लोकेंद्र नामक युवक भी रहता है जो वाहन चालक है। बताया गया कि पार्टी के समय वह भी घर पर मौजूद था।
डॉक्टरों के पैनल से हुआ पोस्टमार्टम
औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगने पर जांच शुरू की गई है। दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की पैनल टीम से करवाया गया है। रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।प्रिया मूल रूप से मथुरा निवासी है और पति की ससुराल मुरैना में है। पति से विवाद के बाद वह पहले गुजरात और फिर पीथमपुर में रह चुकी है। देवास आने के बाद वह अकेले बच्चों की परवरिश कर रही थी।फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और पुलिस हर पहलु को ध्यान में रखकर कार्रवाई में जुटी है।