
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। गांव चंगेरी में एक 20 वर्षीय युवक का शव गांव से एक किलोमीटर दूर सूनसान खंडहर मकान में फन्दे से लटका मिला। शव एक महिने से अधिक पुराना बताया जा रहा है, जो सड़ चुका था व बदबू मार रहा था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर गांव चंगेरी में 20 वर्षीय मनीष पिता चंदन बावरी का शव गांव से करीब एक किमी दूर खंडहर मकान में फन्दे पर लटका मिला। युवक के परिजनों ने 14 अप्रेल को पुलिस थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी, उसके बाद से ही परिजन तलाश कर रहे थे। मंगलवार को बकरियां चराने गए बच्चों ने मकान के पास बदबू आने की सूचना गांव में दी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने जाकर देखा तो युवक शव फन्दे पर लटका दिखा। जिसकी शिनाख्त गांव के ही मनीष पिता चंदन बावरी के रुप में हुई। बताया गया युवक पहले बहन के यहां पिपलिया विशनिया गया था। 29 मार्च को वह गांव आ गया था, उसके बाद से ही वह वह घर से लापता था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। इधर मल्हारगढ़ टीआई राजेन्द्र पंवार का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस जांच कर रही है।
—-