
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। सकल जैन समाज ने भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव हर्षाेल्लास से मनाया। विमलनाथ जैन मंदिर से बैंड-बाजों के साथ जुलूस निकला, जो पोरवाल धर्मशाला पहंुचा। यहां बच्चों और महिलाओं ने आकर्षक नृत्य, नाटिका प्रस्तुत किए। डॉ. प्रकाश जैन की पौत्री लव्या नीतेश जैन ने चंदनबाला बनकर प्रस्तुति दी तो उपस्थित समाजजनों की आंखे भर आई। इसके पूर्व अतिथियों ने भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य वक्ता, साहित्यकार ब्रजेश जोशी ने कहा भगवान महावीर स्वामी के अनेकांतवाद का सिद्धांत आज पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हो गया है, उन्होंने धर्म के लिए ना लड़ना ना मरना सिखाया। उन्होंने धर्म के लिए हमें जीना सिखाया। हमारी दिनचर्या में अनेकांतवाद का प्रभाव रहना चाहिए। सभी की बातों को स्वीकार करें, सभी के विचारों को आत्मसात कर उनकी आस्थाओं का सम्मान करे। जोशी ने कहा हमें महापुरुषों के जीवन से यही शिक्षा लेनी चाहिए कि आने वाली पीढ़ी को हम अब एक ऐसा समाज सौंप कर जाएं, जिसमें नई पीढ़ी का उन्नयन हो और उन्हें सार्थक दिशा मिल सके। इस अवसर पर विमलनाथ जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ अध्यक्ष वीरेंद्रकुमार राणावत, साधुमार्गी जैन श्रावक संघ अध्यक्ष मनोहरलाल जैन, बही तीर्थ पेढ़ी अध्यक्ष अशोककुमार कुमठ, दिगम्बर समाज के निर्मल गर्ग ने भी महावीर जन्मोत्सव पर विचार रखे। संचालन निधि अनिल आंचलिया ने किया।
सामूहिक नवकार महामंत्र का आयोजन हुआ:-
सकल जैन समाज के तत्वावधान में सामाजिक संस्था जीतो के आव्ह्ान पर सामूहिक नवकार महामंत्र का आयोजन हुआ। जिसमें समाजजनों ने भाग लिया।
——