
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। कृषि उपज मंडी के पास राजीव गांधी उद्यान मार्ग पर व्यापारियों द्वारा गोदाम से लहसुन का कचरा फेंकने के मामले में मंडी सचिव ने पांच फर्म को नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी में राजीव गांधी उद्यान की ओर बने गोदाम के पीछे कुछ व्यापारियों द्वारा लहसुन का कचरा छोड़ने का पाइन निकालकर सड़क पर कचरा फैलाया जा रहा था। मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण सेन ने इसकी शिकायत कृषि उपज मंडी सचिव को की। इसके बाद मंडी सचिव पर्वतसिंह सिसोदिया ने फर्म जयेश टेªडर्स, केके टेªडर्स, कमलेश टेªडिंग कंपनी, रमेशचन्द भंवरलाल व अमन टेªडर्स को नोटिस जारी कर कचरा हटाने की कहा। इधर सीएमओ प्रवीण सेन ने बताया कि पूर्व में भी दिवार तोड़कर नगरीय क्षेत्र में उद्यान के पास कचरा डालने पर नगर परिषद् ने बुलडोजर से सफाई कराई थी, उसके बाद कचरा डालना बंद कर दिया था, लेकिन एक माह से फिर कचरा डालना शुरु कर दिया है, शीघ्र ही गंदगी फैलाने पर व्यापारियों ने सुधार नही किया तो उनके खिलाफ जुर्माना किया जाएगा।
चार माह पूर्व भी 8 व्यापारियों द्वारा दिवार तोड़कर बनाए गए दरवाजों पर लगाए थे ताले:-
जानकारी के अनुसार 10 अक्टूबर 2024 को भी कृषि उपज मंडी व राजीव गांधी उद्यान के बीच अयोध्या बस्ती जा रहे मार्ग पर लहसुन का कचरा उडाकर प्रदूषण करने वाले 8 व्यापारियों द्वारा अवैध रुप से गोडाउन की दिवार तोड़कर पीछे से खोले गए दरवाजों नगर परिषद् व कृषि मंडी टीम ने बंद कराया। बुलडोजर से मार्ग पर जमा लहसुन कचरे को साफ कराया। इन व्यापारियों ने कुछ वर्षों पूर्व अवैध रुप से गोदाम के पीछे दिवार तोड़कर दरवाजे व लहसुन का कचरा बाहर निकालने के लिए पाइप लगा दिए थे। लहसुन साफ करने की मशीन से निकलने वाले पाइप के जरीये लहसुन का कचरा राजीव गांधी उद्यान के पास अयोध्या बस्ती जा रही सड़क पर छोड़ा जा रहा था। दरवाजे बंद करने के बाद व्यापारियों ने पाइप से कचरा उड़ाना बंद कर दिया था।
राहगीर व वाहन चालक होते परेशान:-
मंडी प्रशासन व नगर परिषद् द्वारा बार-बार मना करने के बाद भी कुछ व्यापारी हठधर्मिता कर रहे है, उद्यान के पास सड़क पर कचरा जमा हो गया है राहगीर परेशान है, इसकी शिकायत भी कई बार की जा चुकी है।। सड़क पर कचरा उडाने पर नगर परिषद् व मंडी प्रशासन भी नोटिस जारी कर चुका है। लेकिन आदतों में सुधार नही हो रहा है।
—–