
चित्तोड़गढ़। उदयपुर-कोटा फोरलेन पर सेमलपुरा के पास स्थित होटल में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मुख्य आरोपियों को फरारी में सहयोग और आश्रय देने के आरोप में पकड़े गए हैं। अब तक इस मामले में कुल 9 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि 1 जून की रात होटल में खाना खा रहे अजयराज सिंह पर हमलावरों ने घेरकर फायरिंग की थी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। बदमाशों ने मौके पर खड़ी दो कारों में आग भी लगा दी थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी विनय चौधरी के नेतृत्व में टीम बनाई गई। थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह ने पहले तीन आरोपियों हर्षवर्धन सिंह, मनोज चौधरी और बद्रीलाल जाट को डिटेन कर गिरफ्तार किया था। इसके बाद 7 जून को तीन और आरोपी सुरेन्द्र सिंह उर्फ शेरू, सुरेन्द्र सिंह और सखी मोहम्मद उर्फ सलीम खान को पकड़ा गया। अब गंगरार थाना क्षेत्र के डेट निवासी विक्रम सिंह और कमल सिंह तथा एरा निवासी भवानी सिंह उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। तीनों को 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इनसे आगे की पूछताछ जारी है।