
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। बुधवार को अंचल में तेज आंधी के साथ हुई बरसात से काफी नुकसान हुआ। कई जगह लोहे के शेड उड़ गए, वहीं पेड़ धराशाही हो गए, विद्युत पोल भी झुक गए। शाम 5 से 7 बजे तक बरसात जारी रही। इधर बरसात से कृषि उपज मंडी में किसानों को काफी नुकसान हुआ। किसान शेड में व्यापारियों की उपज होने से खुले में ढेर लगाने को मजबूर किसानों की लहसुन बारिश से गीली हो गई। कई किसान बरसते पानी में उपज के बचाव का प्रयास करते दिखे। उल्लेखनीय है कि लम्बे समय से किसान शेड पर व्यापारियों का कब्जा होने से किसानों को उपज के ढेर जमीन पर ही लगाना पड़ते है, एसी स्थिति में बरसात में अक्सर उनकी उपज खराब हो जाती है। इधर नई कृषि उपज मंडी गुड़भेली के निकट बन रही, लेकिन जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से यहां नई मंडी बनाने का कार्य धीमी गति से चल रहा है। कृषि मंडी के पूर्व उपाध्याय कमलेश पटेल का कहना है कि 2016 में नई मंडी बनाने का प्रस्तावित हो गया था, लेकिन अभी तक कार्य पूरा नही हुआ। किसानों को परेशान होना पड़ रहा है।
—–