
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। गेंहू उर्पाजन केन्द्र पर सर्वेयर द्वारा किसानों से अवैध वसूली की जा रही है। गेंहू तुलवाने आ रहे किसानों को घटिया गेंहू बताकर प्रति ट्राली 1 से 2 हजार रुपए तुलवाने के नाम पर वसूल रहे है। पिपलिया कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार ने आरोप लगाया कि बोतलगंज के निकट गायत्री वेयर हाउस पर वर्तमान में शासन की ओर से समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीदी हो रही है। वेयर हाउस पर तैनात गेंहू लेकर आने वाले किसानों से सर्वेयर खराब गेंहू होने की कहकर नही तौलने की धमकी देता है, बाद में एक से 2 हजार रुपए रिश्वत लेने के बाद गेंहू को तौला जा रहा है। पाटीदार ने आरोप लगाया कि गांव मुन्देड़ी के किसान शांतिलाल पाटीदार का गेंहू पहले घटिया बताकर तौलने से इंकार कर दिया, बाद में एक हजार रुपए देने के बाद गेंहू को तौला गया। इसी तरह लूनाहेड़ा के किसान के साथ भी इसी तरह बर्ताव किया गया। पूर्व मंडी अध्यक्ष पाटीदार ने तत्काल मौके पहंुच इसकी शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित को की, दीक्षित ने मौके पर अधिकारी को भेजने की बात कही। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी उपार्जन केन्द्र पर नही पहंुचा। पाटीदार ने आरोप लगाया कि किसानों के लिए शासन द्वारा बनाई गई योजनाओं पर अधिकारी, कर्मचारी पलीता लगा रहे है। अच्छी क्वालिटी का गेंहू होने के बाद भी घटिया बताकर उनसे सरेआम रिश्वत ली जा रही है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नही हो पा रही है। पाटीदार ने चेतावनी दी कि अगर व्यवस्थाओं में सुधार नही हुआ तो आन्दोलन किया जाएगा।
——