
मंदसौर। शुक्रवार शाम सीतामऊ थाना क्षेत्र के चायखेड़ी गांव के पास दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेसवे पर एक कार पुलिया से नीचे गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। एक को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ परिवार गुजरात के वडोदरा से दिल्ली जा रहा था। कार का नंबर GJ06-PS-2205 है। कार में एक ही परिवार के पांच सदस्य सवार थे। हादसे के समय अचानक आकाशीय बिजली चमकी। इससे चालक घबरा गया। कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में रितम्बरा और श्रेयस की मौके पर ही मौत हो गई। बबली और कुमार आशीष गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पांचवें यात्री को हल्की चोटें आईं। सीतामऊ पुलिस के अनुसार, कार में सवार पांच में से चार लोगों की पहचान हो चुकी है। एक व्यक्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।