
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बोरखेड़ी इंदौर में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। महज 18 साल का कन्हैयालाल पिता जगदीश लौहार, जो घर का इकलौता बेटा और परिवार की उम्मीदों का सहारा था, ने अपने ही घर में फंदा लगाकर जान दे दी। गांव में यह खबर फैलते ही माहौल गमगीन हो गया। लोग इसे मानने को तैयार नहीं कि कल तक हंसने-बोलने वाला, पढ़ाई में जुटा यह युवक अचानक यूं चला जाएगा। परिजनों के अनुसार कन्हैया को घर से किसी बात की कोई तकलीफ नही थी। कन्हैयालाल ने हाल ही में 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देख रहा था व आईटीआई भी की तैयार रहा था। माता-पिता खेती, मजदूरी करते है।
घटना के वक्त घर में कोई नहीं था:-
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे की है। उस समय कन्हैयालाल की बहन कविता पास में बड़े पापा के घर गई हुई थी। पिता, मां शारदा को पीहर ढाबला छोड़ने गए थे और दादाजी घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। घर का दरवाजा खुला था। बहन जैसे ही लौटकर घर आई और अंदर पहुंची, तो सामने का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। भाई छत के कुंडे से फंदे पर लटका था।
गांव में पसरा सन्नाटा:-
इस खबर के फैलते ही आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचने लगे। रक्षाबंधन जैसे त्योहार की तैयारी में जुटे घरों में अब मातम छा गया। परिवार व ग्रामीणों चेहरे पर भी आंसू थे, क्योंकि कन्हैया को हर कोई एक समझदार, शांत लड़के के रूप में जानता था।
मां-बाप पर टूटा दुखों का पहाड़:-
कन्हैयालाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और एक बहन है। रक्षाबंधन से एक दिन पहले बहन के हाथ का राखी बांधने का सपना अधूरा रह गया। मां-बाप की आंखों में बेटे के खोने का गम और बहन के चेहरे पर भाई के बिना रक्षाबंधन की पीड़ा, यह नजारा देखने वालों का दिल पसीज रहा था। गांव में लोग यही कह रहे हैं कि त्योहार से पहले इस तरह की घटना किसी भी परिवार के लिए सबसे बड़ा सदमा है, और यह दिन अब उनके लिए हमेशा एक दर्दभरी याद बनकर रह जाएगा।
पुलिस की जांच जारी:-
सूचना मिलते ही मल्हारगढ़ थाने से एसआई संजय प्रताप सिंह दल-बल के साथ पहुंचे। शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।टीआई राजेंद्र पंवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है। युवक का मोबाइल लॉक है, जिसे खोलने की प्रक्रिया जारी है, ताकि पता चल सके कि इस कदम के पीछे वजह क्या थी।
—–