
मन्दसौर । मादक पदार्थ तस्करों पर मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तस्करी से अर्जित आय से बनाई गई 91 करोड़ 58 लाख 52 हजार 374 रुपए की संपत्ति फ्रीज की गई। यह संपत्ति मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में फैली हुई है। पुलिस ने वर्ष 2025 में मादक पदार्थ तस्करी के 30 मामलों में तस्करों और उनके परिजनों की चल-अचल संपत्ति की जांच की। जांच के बाद कुल 134 करोड़ 76 लाख 71 हजार 737 रुपए की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए। इनमें से 26 मामलों में सक्षम अधिकारी सफेमा ने सुनवाई के बाद 91 करोड़ 58 लाख 52 हजार 374 रुपए की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश को कन्फर्म किया। इन 30 मामलों में से 18 तस्कर इस समय 10 साल या उससे अधिक की सजा काट रहे हैं। वहीं, एनडीपीएस एक्ट के तहत लंबे समय से फरार 6 तस्करों के खिलाफ भी मंदसौर पुलिस ने धारा 209 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। मन्दसौर पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनन्द ने यह जानकारी दी।