
चित्तौड़गढ़। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने सोमवार को नाकाबंदी के दौरान अल्टो कार से 2 किलो 23 ग्राम अवैध अफीम जब्त की। कार में सवार जालौर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई कल्याणपुरा ओवरब्रिज के नीचे सरहद पिपलिया कलां पर की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन, डीएसपी बद्रीलाल राव के सुपरविजन और थानाधिकारी राम सुमेर के निर्देश पर कार्रवाई की गई। उप निरीक्षक कन्हैयालाल और पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रही अल्टो कार को रोका। तलाशी में कार से चार पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में भरी अफीम मिली। कुल वजन 2 किलो 23 ग्राम निकला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालौर जिले के करड़ा थाना क्षेत्र के करवाड़ा निवासी 32 वर्षीय देवीलाल पुत्र वीराराम बिश्नोई और मोखातरा निवासी 32 वर्षीय बाबूलाल पुत्र भारमल बिश्नोई के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
