
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। बिन्दोली में फोटो खींचने की बात को लेकर एक युवक के घर में घुसकर उसके माता पिता के साथ मारपीट की। घर में बिस्तर में आग लगा दी। वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने नौ लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। मल्हारगढ़ पुलिस ने बताया कि सूरज पिता रामप्रसाद बावरी निवासी पामाखेड़ा के साथ एक बिन्दौली में फोटो खींचने की बात पर रोहित पिता प्रहलाद बावरी पामाखेड़ा, सुनील पिता राजू बावरी बरखेड़ा देव, पवन डाबी बरखेड़ा देव, ऋतिक पिता भारतसिंह काचरिया देव, युवराज पिता कब्बू सिंह राजपूत काचरिया देव, पवन पाटीदार विशन्या, विनयसिंह चल्दू, अरुण बावरी लसुड़िया कदमाला, सत्यपालसिंह पिता महेंद्रसिंह मनासा खुर्द ने मिलकर मारपीट की। मारपीट के डर से सूरज मौके से भाग गया। जिसके बाद आरोपी कार से सूरज के घर गए। सूरज के पिता रामप्रसाद व माता राम कन्याबाई घर के बाहर सो रहे थे। तभी आरोपियों ने गाली-गलौज की व दोनों के साथ मारपीट की। घर का दरवाजा तोड़ दिया। इस दौरान लोगों ने बीच बचाव भी किया। लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। सूरज की दोनों बाइक को पत्थर से तोड़ फोड़ की। आरोपियों के डर से सूरज के माता-पिता जान बचाकर घर में चले गए। इसके बाद आरोपियों ने दरवाजा तोड़ दिया घर के अंदर के सामान फेंके व सूरज की पत्नी के साथ भी मारपीट की। वहीं बिस्तर में आग लगा दी व अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की। जाते-जाते बोले कि बेटे को समझा देना नहीं तो जान से मार देंगे। पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने, आगजनी, तोड़फोड़ व एससीएसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया।
———-
———-