
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अस्पताल में भर्ती ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर धाकड़ से वीडियो कॉल पर चर्चा की। धाकड़ को शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीटा था। घटना बूढ़ा गांव की है। यहां सेना पर कथित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पुतला दहन करने का कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम संजीत ब्लाक कांग्रेस ने आयोजित किया था। पुतला दहन से पहले भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने विरोध किया और पुतला नहीं जलाने दिया। पुलिस की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर धाकड़ के साथ मारपीट की। उनके कपड़े फाड़ दिए थे । इसके बाद धाकड़ को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को जीतू पटवारी ने धाकड़ से वीडियो काल पर बात कर कहा कि चिंता की बात नहीं है। मैंने एसपी से चर्चा की है। मारपीट करने वालों पर प्रकरण दर्ज करने को कहा है। पटवारी ने बताया कि वे भी मंदसौर आ रहे हैं।
—–