
उज्जैन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के नाम पर क़रीब 12 से ज्यादा गर्भवती महिलाओं के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठग ने महिलाओं को फ़ोन लगाकर उनके अकाउंट में डिलीवरी के लिए राशि डालने का झांसा दिया और खाते में बैलेंस चेक करने के लिए लिंक भेज दी। महिलाओं ने जैसे ही खाते में राशि चेक करने के लिए लिंक पर क्लिक किया, वैसे ही 4 हज़ार से लेकर 21 हज़ार रुपए तक की राशि खाते से निकाल ली गई। शनिवार को महिलाएं पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत करने पहुंचीं। यहां से उन्हें साइबर ऑफिस में शिकायत करने के लिए भेज दिया गया। वार्ड 54 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ज्योति जायसवाल ने क़रीब चार दिन पहले एक दर्जन से अधिक गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार बांटा था। नियम अनुसार, महीने में गर्भवती महिला को पोषण आहार चार बार देते हैं। इसके लिए ऑनलाइन एक ऐप FRS के माध्यम से गर्भवती महिला की फोटो निकालकर जानकारी भरी जाती है। जिसके बाद एक OTP महिला के मोबाइल पर आता है। इसके बाद उन्हें पोषण आहार दे दिया जाता है।