
मंदसौर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने आज मंदसौर जिले की मंदसौर विधानसभा एवं मल्हारगढ़ विधानसभा में विधानसभा के सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मदनलाल राठौर के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। जिसमें पूर्व मंत्री कैलाश चावला, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया, राजेन्द्र सुराना, मानसिंह माछौपुरीया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल कियावत, डॉ.सुषमा आर्य, मुकेश काला, मछुआरा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक बाबूलाल चौहान, भाजपा वरिष्ठ नेता भोपालसिंह सिसोदिया, मनोहर लाल जैन, गोपाल पटवा, निहालचंद मालवीय, पिछडा मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरज पाटीदार, कार्यक्रम प्रभारी शिवराज सिंह राणा, सह प्रभारी निर्मला गुप्ता, भाजपा जिला पदाधिकारीगण विजय अठवाल, राजेश नामदेव, राजेश पालीवाल, उमेश (राजु) चावला, राजकुमार गुप्ता, नरेंद्र पाटीदार, राजेश धाकड, भेरूलाल सेन, राकेश पाटीदार, आशीष विजयवर्गीय, राजू राणा, विकास सुराणा, गोपाल पाटीदार, नेपाल सिंह, अरविंद सारस्वत, विनोद डगवार, नपा.अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, जनभागीदारी अध्यक्ष नरेश चंदवानी, नपा.उपाध्यक्ष नम्रता चावला आदि मंच पर उपस्थित थे। सम्मेलन का शुभारंभ पं.दीनदयाल उपाध्याय, डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत् पश्चात मंचस्थ अतिथियों का स्वागत जिला पदाधिकारी गणों द्वारा किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा की भारतीय जनता पार्टी अन्य राजनीतिक दलों की तरह मात्र सत्ता पाने के लिए सत्ता में नहीं आना चाहती बल्कि यह एक बड़ा आंदोलन का अंग है जो कि राष्ट्रवाद की विचारधारा से संचालित है। जिसका उद्देश्य भारत का सर्वांगीण विकास और राष्ट्र का पुनर्निर्माण है। हमें उन सभी विचारधाराओं और राजनीतिक शक्तियों विशेषकर कांग्रेस के विरुद्ध एक सशक्त आक्रमक अभियान छेड़ना चाहिए जो भारत राष्ट्र की मूलभूत पहचान हिंदुत्व को नकारते हैं, जिन्होंने अपने क्षुद्र राजनीतिक स्वार्थ के लिए राजनीती को पतित कर दिया। भाजपा विरोध और हिंदू विरोध ही उनके लिए विचारधारा है। भारतीय जनता पार्टी संगठन और सरकार के माध्यम से समाज सशक्तिकरण में अपनी अहम भूमिका निभा रही है। इसी कारण समाज की अपेक्षा हमसे बड़ी है समाज भारतीय जनता पार्टी को सामाजिक मूल्य व राष्ट्रवादी विचार पर आगे बढ़ते देखना चाहता है। विकास व सुशासन को देकर हमने जो एक स्थान जन मन में बनाया है। उसके स्थान को सुरक्षित रखने का हमारा प्रयास होना चाहिए। हम सब मिलकर भाजपा को उज्जवल भविष्य की ओर ले जाएंगे हमारा सामूहिक प्रयास मध्य प्रदेश में विकास और प्रशासन को गति और राजनीति को सुचिता देना है सत्ता के अवसरों पर हमारा प्रयास विकास को स्थापित करना है। हमारे समस्त प्रयासों को अंतिम लक्ष्य भारत माता को अपने उसी दिव्य स्वरूप में स्थापित करना होगा जिसकी कल्पना महर्षि अरविंद और स्वामी विवेकानंद जैसे अनेक युगद्रष्टा महापुरुषों ने की है एक-एक कार्यकर्ता राष्ट्र पुनर्निर्माण के महान यज्ञ में अपनी आहुति देगा तो निश्चित ही हमारा वैचारिक अनुष्ठान सफल होगा और सिद्ध होगा। मध्यप्रदेश में कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, प्यारेलाल खंडेलवाल, नारायण प्रसाद गुप्ता, जैसे कई संगठन शिल्पियों ने भाजपा को विस्तार दिया और संवारा है। हम उनके बनाये आदर्शों पर चलने वाले कार्यकर्ता है। उनके सपनों को हम अपने मतदान केन्द्र पर साकार करेंगे हर घर तक भाजपा के विचार और सरकारों की उपलब्धियां पहुंचायेंगे। हर बूथ पर हर जाती, वर्ग, व्यवसाय और आयु से जुड़े नागरिकों को भाजपा से जोड़ने का कार्य करते रहना है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा की न्यायालय द्वारा श्रीमती इंदिरा गांधी का चुनाव अवैध घोषित कर दिए जाने के बाद देशव्यापी आंदोलन से डरकर देश पर संविधान की हत्या कर आपातकाल थोप दिया गया। देश की जनता के सभी लोकतांत्रिक अधिकारों को छीन लिया गया। देशभर में जनसंघ के कार्यकर्ताओं को जेल में ठूंस दिया गया। कई कार्यकर्ता भूमिगत होकर आंदोलन का संचालन करते रहे। मध्यप्रदेश में 5000 से अधिक कार्यकर्ता जेलों में बंद थे और आज कांग्रेस संविधान के नाम पर मगरमच्छ के आंसू बहा रही है और उनके नेता संविधान की पुस्तक को बार-बार जेब से निकालकर दिखाते रहते है। सबसे पहले देश उसके बाद दल भारतीय जनता पार्टी का यह मात्र नारा नहीं बल्कि इस भाव को जनसंघ ने अपनाकर देशहित में बनी जनता पार्टी के गठन में अपने आप को समाहित कर दिया। 1977 में चुनाव हुआ देश भर में अभूतपूर्व सफलता जनता पार्टी को मिली। केंद्र और मध्य प्रदेश समेत सभी राज्यों में जनता पार्टी की सरकार बनी। भारतीय जनता पार्टी का जन्म 6 अप्रैल 1980 को हुआ। भारतीय जनता पार्टी के पहले अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेई बने। उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में 28 सितंबर 1980 के अधिवेशन में कहा मैं जानता हूं कि इस नाजुक घड़ी में किसी राजनीतिक दल का नेतृत्व ग्रहण करना कितना टेढ़ा काम है। मैं यह भी जानता हूं कि भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष पद अलंकार की वस्तु नहीं है, वस्तुतः यह पद नहीं दायित्व है, प्रतिष्ठा नहीं परीक्षा है, अधिकार नहीं अवसर है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा की अबकी बारी अटल बिहारी अटल बिहारी कमल निशान मांग रहा है हिंदुस्तान जैसे नारे लगाते लगाते कार्यकर्ताओं ने आखिर वह दिन देखा, जब पहली बार 1996 में अटल जी 13 दिन 1998 में 13 महीने और 1999 में तीसरी बार लगभग 5 साल प्रधानमंत्री रह सरकार के रूप में भारतीय जनता पार्टी ने 6 वर्ष के शासनकाल में गौरवशाली उपलब्धियां देश को दी। 2014 में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने देश में आशातीत सफलता प्राप्त की भारतीय जनता पार्टी ने 283 लोकसभा सीटें प्राप्त करके ना केवल स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया बल्कि देश की जनता ने दुनिया को संदेश दिया कि यह परिवर्तन राष्ट्रीय परिवर्तन है अब यह देश तेजी के साथ में बदलने के लिए तैयार है। श्री नरेंद्र मोदी जी सरकार ने गरीब कल्याण के लिए तेजी के कार्य किया है। 2019 में दूसरी बार और 2024 में तीसरी बार सरकार बनाकर हमने इतिहास रचा है। स्वतंत्र भारत में जन्मी और अपने पुरुषार्थ से पली, बड़ी, संघर्ष के बल पर स्थापित हुई, नीतियों और विचारधारा से पहचान बनाई, कार्यकर्ताओं की शक्ति से गढ़े संगठन के भरोसे जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार लगातार सरकार बनाने वाले हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। आज हम गौरव से भरे हुए हैं। हम राष्ट्र को परम वैभव तक ले जाने में जुटे हुए हैं। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा की भारतीय जनता पार्टी के लिए भारत माता की जय यह मात्र कोई नारा नहीं है बल्कि यह हमारे कार्य की प्रेरणा है। भारत की जय हो विजय हो। एक वैभवशाली, समृद्धशाली, सक्षम और समर्थ भारत का निर्माण राजनीति के माध्यम से करने के लिए भारतीय जनता पार्टी जुटी है। भारत की राजनीति में आज यह विचार केंद्र बिंदु बन चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने एक राजनीतिक दल के तौर पर हो या सरकार में आने पर अपनी भूमिका हो सदैव राष्ट्रीय सुरक्षा अपना पहला कर्तव्य माना है। भारत की सीमाओं की सुरक्षा करना ही नहीं बल्कि हर आक्रमण का प्रतिकार तत्परता से और जोरदार ढंग से किया। जिन पड़ोसी देशों ने भारत की अखंडता को आघात पहुंचाने की चेष्टा की उसका उससे ज्यादा ही वेग से उत्तर दिया। आज का भारत घर में घुस कर मारने वाला भारत बना है। चीन की सीमा पर भारत की सेना मोर्चा पर डटी है, देश की रक्षा कर रही है। हमारी सरकार ने सेना की सहायता के लिए सड़क, पुल पुलिया तेजी से बनाए हैं। जो आजादी के बाद सेना की मांग पर भी कांग्रेस की सरकारों ने नहीं बनाए। सर्जिकल स्ट्राइक एयर स्ट्राइक के माध्यम से पाकिस्तान को करारा जवाब हमारी सेना ने दिया है। सीमा पर बसे गांव हो या हमारी सेना के जवान भारत सरकार और भाजपा ने सदा ही उनके सम्मान और समृद्धि की चिंता की है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि स्वतंत्रता के साथ ही भारत के विभाजन की विभीषिका, नरसंहार ही नहीं झेला बल्कि कांग्रेस के कार्यकाल में स्वतंत्र भारत की एक लाख वर्ग किलोमीटर से ज्यादा भारत भूमि दूसरे देशों के कब्जे में हो गई। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस और अन्य विपक्ष की दल की तुष्टिकरण की सोच कई बार उजागर हो चुकी है। देश में आतंकवाद अब बीती दिनों की बात हो चुकी है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मदनलाल राठौर ने कहा की भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक राष्ट्रीयता में अपनी निष्ठा रखती है। एक दल के रूप में लगातार हमारी प्रतिबद्धता अपनी इस विचारधारा पर अडिग है। लगातार हमारी आस्था के मानदंडों की पुनर्स्थापना, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं की स्थापना से भारत में सांस्कृतिक प्रादुर्भाव हो रहा है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को संयुक्त राष्ट्र संघ में मान्यता मिली है। श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ लोक, महाकाल महालोक से लेकर विभिन्न देवस्थानों का पुनर्निर्माण और विस्तार कार्य को आगे बढ़ाया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति भी अब भारत केंद्रित बनी है। इसमें भारत की सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को यथा स्थान और सम्मान दिया गया है। भारत के महापुरुष, स्वतंत्रता स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को बिना भेदभाव और पक्षपात किए गौरव प्रदान किया है। आजादी का यह अमृत काल सांस्कृतिक जागरण का काल बन गया है। ऐसी सैकड़ो उदाहरण दिए जा सकते हैं। यह सब बाते हम सब सक्रीय कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ जन-जन तक पंहुचाना चाहिए। मल्हारगढ़ विधानसभा सम्मेलन में संचालन इन्द्रजीत भट्ट ने किया एंव आभार मंडल अध्यक्ष राजेश धाकड ने माना एंव मंदसौर विधानसभा सम्मेलन का संचालन कार्यक्रम प्रभारी एंव भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवराजसिंह राणा ने किया एंव आभार कार्यक्रम सह प्रभारी एंव महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष निर्मला गुप्ता ने माना। उक्त दोनो विधानसभा के सम्मेलन में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण, मंडल पदाधिकारी एंव कार्यकर्ता गण, नगर परिषद अध्यक्ष एवं पार्षद गण, जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष गण उपाध्यक्ष गण सहित विधानसभा में निवासरत सक्रिय सदस्य गण उपस्थित थे।