
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद मल्हारगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान। परिषद की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट ने बताया जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संपूर्ण मध्यप्रदेश में 90 दिनों के लक्ष्य के साथ जल स्त्रोत नदी तालाब कुए बावड़िया स्थानों पर गहरीकरण स्वच्छता के कार्य जन भागीदारी के साथ किए जाएंगें। इसी क्रम में प्रथम दिवस पर ग्राम खोखरा, बूढ़ा में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तालाब में स्वच्छता हेतु श्रमदान किया, साथ ही आदर्श प्रस्फुटन ग्राम लूनाहेड़ा में दीवार लेखन का आयोजन हुआ। श्रमदान के उपरांत जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने कहा इस अभियान को समस्त जनप्रतिनिधियों, समस्त विभागों व ग्रामवासियों के सहयोग से पूर्ण करना है, जन सहयोग, श्रमदान, जन जागरूकता के माध्यम से सभी को जोड़ते हुए इस अभियान में सहभागी बनाना है। जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कन्हैयालाल पाटीदार, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने शासन के अभियान को सराहनीय बताया। गायत्री परिवार के तहसील समन्वयक इंद्रजीत भट्ट ने वैदिक मंत्रों के साथ मां गंगा का आव्ह्ान करते हुए शिवालय में पूजन कार्य संपादित किया। श्रमदान के दौरान जीत बॉडी केयर हेल्थ प्रशिक्षण सामाजिक सेवा समिति, पिपलियामंडी, विजयश्री शिक्षा स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा समिति चिल्लोद पिपल्या, प्रवृति शिक्षा स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा समिति, काल्याखेड़ी गुजरान, चेष्ठा शिक्षा एवं सामाजिक सेवा समिति, रतन पिपलिया, प्रीतम शिक्षा एवं समाज कल्याण सेवा समिति छोटी गुडभेली के पदाधिकारी, मेंटर्स नरेंद्र पांडे, विनोद चंदेल ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बूढ़ा अध्यक्ष एमएसडब्ल्यू छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन सरपंच प्रतिनिधि राजेश पाटीदार ने किया। आभार जनपद सीईओ मल्हारगढ़ ने माना।
——–