
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। अपने लिए तो सभी जीते है, दूसरों के लिए जिओ, दूसरे के दर्द में भागीदार बनो, प्राणी मात्र की सेवा के भाव के साथ महावीर जन्म कल्याणक मनाओ, तभी हमारा महोत्सव मनाना सार्थक होगा। बही तीर्थ मार्गदर्शक हर्षसागर सूरीश्वर मसा के शिष्य विनम्रसागर मसा ने मुम्बई पायधुनी आश्रम में बही पार्श्वनाथ तीर्थ ट्रस्ट मंडल के समक्ष यह बात कही। मसा ने कहा जीओ और जीने दो, आज पूरे विश्व की सुख, शांति के लिए जीवन मंत्र बन गया, किसी भी समस्या का हल अहिन्सा और शांति सद्भाव से ही हो सकता है। हजारों वर्ष पूर्व महावीर के सिद्धांत आज पूरे विश्व का मार्ग प्रशस्त कर रहे है। बही तीर्थ अध्यक्ष अशोक कुमठ ने बताया गुरुदेव के 37 वें जन्मोत्सव पर मालवा आने की विनती को लेकर ट्रस्ट मंडल मुम्बई पहंुचा था। इस अवसर पर महावीर जन्म कल्याणक पर मुम्बई में एक लाख लड्डू वितरण की योजना बनी। प्रति लड्डू पर 30 रुपए की आय होगी, यह राशि निराश्रितों और जीव दया में वितरण की जाएगी। उक्त सेवा प्रकल्प में बही तीर्थ की ओर से योगदान दिया। इस अवसर पर ट्रस्ट मंडल की ओर से प्रेमप्रकाश पगारिया, दिलीप डांगी, रमेश डालर, ज्ञानचंद चोरडिया, डॉ. प्रकाश जैन, भावेश जैन, सोनू आंचलिया, प्रभुलाल छाजेड़ आदि उपस्थित रहे।
——