
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पुलिस थाने के निकट पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए, इनमें से एक की मौत हो गई। एक घर का इकलौता चिराग बुझ गया। जानकारी के अनुसार अरनिया गुर्जर (अफजलपुर) निवासी संजय (19) पिता मुकेश राठौर, रोहित (18) पिता वासुदेव राठौर व किशन (18) पिता ईश्वरलाल राठौर बाइक (एमपी 14 जेड सी2004) से सांवलियाजी के लिए निकले थे। पिपलिया पुलिस थाने के निकट पेट्रोल पंप के यहां रांग साइड नीमच की ओर से आ रही ट्रक (आरजे 09 जीई 4979) ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें किशन की मौत हो गई।
एम्बूलेंस समय पर नही आने से परेशान:-
प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख नगर पिपलियामंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर स्थाई एम्बलूेंस नही होने से घायलों को रेफर करने के बाद तड़पते हुए देखा जा सकता है। शुक्रवार को भी हादसे के बाद घायलों को रेफर कर दिया, लेकिन एम्बूलेंस नही होने से घायलों समय पर मंदसौर नही भेजा जा सका, दोनों घायल तडपते रहे। करीब 35 मिनिट बाद एम्बूलेंस मल्हारगढ़ से आई, तब घायलों को ले जाया जा सका।
इकलौता था किशन:-
जानकारी के अनुसार मृतक किशन खेती-मजदूरी कार्य करता था, वह परिवार में इकलौता था। वह अपने दोस्तों के साथ सुबह सांवलियाजी के लिए दर्शन के लिए निकला था। हादसे के बाद पिपलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहंुचे परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल हो गया।
दो घंटे पड़ा रहा शव, हस्तक्षेप के बाद पीएम के लिए भिजवाया,
दुर्घटना में मृत किशन का शव दो घंटे पिपलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ही पड़ा रहा। अस्पताल में शव कक्ष भी नही है। सूचना पर किसान नेता श्यामलाल जोकचन्द, जनपद सदस्य प्रकाश राठौर, राजेश भारती, निर्मल राठौर आदि पहंुचे। किसान नेता जोकचन्द ने समय पर पीएम के लिए शव नही ले जाने पर पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। तब जाकर दो घंटे के बाद शव को पीएम के लिए भिजवाया। शव को ले जाने के लिए शासकीय वाहन भी नही था। किसान नेता जोकचन्द ने अपने वाहन में शव को रखकर पीएम कक्ष तक भिजवाया।
पेट्रोल भराकर रांग साइड से जाते है वाहन चालक:-
जानकारी के अनुसार कई दुपहिया व चार पहिया वाहन चालक फोरलेन पर पुलिस थाने के सामने कट से निकलकर रांग साइड से पेट्रोल, डीलज भराने पंप पर जाते है, वाहन चालक वापस सही दिशा में न आते हुए बही फन्टे तक तीन किलोमीटर तक रांग साइड ही जाते है। इससे पूर्व में कई बार हादसे हो चुके है।
—–