
शाजापुर जिले के शुजालपुर में शुक्रवार को एक वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ लोगों ने 9वीं कक्षा के एक छात्र (उम्र 16 साल) के सिर पर चप्पलें रखवाई और उससे जबरदस्ती बुलवाया कि ‘लव जिहाद पाप है, हिंदू संगठन हमारा बाप है।’
ये वीडियो गुरुवार रात को शुजालपुर सिटी स्थित एक कैफे का बताया जा रहा है। जहां ये नाबालिग लड़का 10वीं में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की के साथ बैठा था। तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और लड़के के साथ मारपीट की। लड़की ने बताया कि वह यहां किसी काम से आई थी। लड़की के भाई की शिकायत पर पुलिस ने नाबालिग छात्र पर पाक्सो के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही उसके पिता पर धमकाने का मामला दर्ज किया है। हालांकि कैफे में नाबालिग छात्र से मारपीट करने और सिर पर चप्पल रखवाने के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं की है। शुजालपुर सिटी थाना के अनुसार लड़की राजगढ़ जिले के एक गांव की रहने वाली है। वह 10वीं की परीक्षा दे रही है। उसकी 9वीं के छात्र से एक साल से दोस्ती है। लड़की के भाई ने पुलिस को बताया है कि इंस्टाग्राम पर उसकी बहन की दोस्ती इस लड़के से हुई थी। वह 40 किलोमीटर दूर सारंगपुर जाकर लड़की से मिला। वहां उसके साथ कुछ फोटो खींच लिए। बाद में जब लड़की ने दोस्ती खत्म करना चाही तो आरोपी ने फोटो वायरल करने की धमकी दी। लड़की के भाई ने बताया- कुछ महीने पहले मैंने लड़के को समझाने के लिए फोन किया था, जिसे आरोपी के पिता ने रिसीव किया। वो उल्टा मुझे ही धमकाने लगे। गुरुवार को आरोपी ने बहन को शुजालपुर बुलाया। यहां दोनों एक कैफे में मिले। वहां लड़के ने उसके साथ छेड़छाड़ की। लड़की के परिजन का आरोप है कि 20 मार्च को दोपहर करीब डेढ़ बजे आरोपी ने फिर से लड़की को फोन किया और फोटो वायरल करने की धमकी दी। उसे बस में बैठकर शुजालपुर आने को कहा। जब लड़की शुजालपुर पहुंची तो अकोदिया नाका पर आरोपी पहले से खड़ा मिला। लड़की ने उससे फोटो डिलीट करने को कहा, लेकिन आरोपी ने कहा कि पहले पास के कैफे में चलो, फिर फोटो डिलीट करूंगा। आरोपी लड़की को कैफे ले गया। वहां दोनों टेबल पर बैठे। लड़की बार-बार फोटो डिलीट करने के लिए कहती रही, तभी आरोपी ने लड़की का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। पीड़िता के शोर मचाने पर राहगीर देवपाल सिंह और दीपक शर्मा ने पहुंचकर उसकी मदद की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।