
इंदौर में मोबाइल गेम की लत और जिद ने नवी के छात्र की जान ले ली। उसने नजदीक की दुकान से जहर लाकर पी लिया। दोस्तों ने देखा तो उसकी मां को बताया। बाद में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से एमवाय भेज गया। सोमवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।छत्रीपुरा पुलिस के मुताबिक मृतक छात्र प्रिंस (16) पुत्र संजय शाह, निवासी आदर्श इंदिरा नगर है। पुलिस के मुताबिक रविवार रात उसने जहर खा लिया था। इसके बाद उसका एमवाय में उपचार हुआ। यहां पर उसने सोमवार को दम तोड़ दिया। प्रिंस नौंवी क्लास में पढ़ाई करता था। उसके परिवार में दो भाई और बहन है। वहीं पिता एक स्वीट्स की शॉप पर काम करते हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि प्रिंस अपने माता-पिता के साथ बिहार के नारायणपुर गांव गया था। यहां से 25 जनवरी 2025 को वापस आ रहा था। इसी दौरान पटना के पास ट्रेन में उसका मोबाइल चोरी हो गया। प्रिंस मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता था। इसके चलते वह अपनी मां सुधा से नया मोबाइल दिलाने की बात करता रहता था। उसकी मां ने पिता की सैलरी आने पर दिलाने की बात कही थी। रविवार को प्रिंस मोबाइल दिलाने को लेकर मां सुधा से जिद करने लगा। उसका कहना था कि अगर वह मोबाइल नहीं दिलाएगी तो वह अपनी जान दे देगा। मां ने समझाया कि रात हो गई है। वह सोमवार को अपना मंगलसूत्र गिरवी रखकर नया मोबाइल दिला देगी। लेकिन प्रिंस का कहना था कि सुबह वह स्कूल जाएगा। उसे अभी मोबाइल चाहिए। मां ने उसे कहा कि खाना खाने के बाद मोबाइल लेने चलेंगे। लेकिन प्रिंस गुस्से में वहां से चला गया। इसके बाद नजदीक की किराना दुकान पर जाकर उसने जहरीली दवा की पुड़िया ली और पानी में घोलकर पी गया।परिवार ने बताया कि अस्पताल में परिवार से वह बातचीत कर रहा था। तब उसने कहा कि डराने के लिए ऐसा किया था। लेकिन सोमवार सुबह उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी। जिसमें उसे वेंटीलेटर पर रखा गया। यहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक मामले में पिता और परिवार के कुछ लोगों के बयान हुए हैं। वहीं अन्य लोगों के बयान बाद में लिए जाएंगे।